फतेहपुर: शहर के व्यस्ततम बाजारों में भीषण जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में व्यापार मंडल के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद बाजार के मुख्य मार्गों पर ‘वन-वे’ और ‘नो एंट्री’ व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है।
ट्रायल के तौर पर दो सप्ताह की सख्ती:
मंगलवार और शनिवार को बाजार के दिनों में पीलू तले चौराहा से चौक चौराहा तक लगने वाले घंटों के जाम को देखते हुए यह नई व्यवस्था फिलहाल दो सप्ताह के ट्रायल पर लागू की गई है।
क्या हैं नए नियम?
समय: सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
प्रतिबंध: बसों, ट्रैक्टरों और भारी वाहनों के प्रवेश पर शहर के प्रमुख मार्गों (पत्थरकटा से चौक और वर्मा चौराहा से बाकरगंज) पर पूर्ण रोक।
स्कूली वाहन: स्कूल प्रबंधकों से अपील की गई है कि वे इन दो दिनों में बड़ी बसों के बजाय छोटे वाहनों का प्रयोग करें। छोटे स्कूली वाहनों के लिए पत्थरकटा-पीलू तले मार्ग निर्धारित किया गया है।
वन-वे व्यवस्था: वर्मा चौराहे से केवल मैजिक और कैम्पर जैसे छोटे वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि दो सप्ताह के परीक्षण के बाद जनसुविधा को देखते हुए इसे स्थायी किया जाएगा।








