पटाखों से जलने, सड़क हादसों और अन्य आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी पूरी, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भी एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने की कवायद
फतेहपुर। दीपावली के त्योहार पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए फतेहपुर स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। त्योहार के दौरान लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले की 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके तहत कुल 68 एम्बुलेंस जरूरतमंदों की मदद के लिए तैयार रहेंगी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले में 108 सेवा की 33 और 102 सेवा की 35 एम्बुलेंस उपलब्ध रहेंगी। सभी वाहनों में आवश्यक दवाएं, ऑक्सीजन और जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात सूचना मिलते ही मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
पटाखों से हादसों और सड़क दुर्घटनाओं पर विशेष नजर
108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवा के जिला नोडल प्रभारी रितेश कुमार सिंह और मोहम्मद शोयब ने बताया कि दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आकस्मिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए एम्बुलेंस कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। विभाग का प्रयास है कि किसी भी आपात स्थिति में मरीज को बिना देरी के चिकित्सा सुविधा मिल सके।
जलने पर घरेलू नुस्खों से बचें, अपनाएं सही प्राथमिक उपचार
नोडल प्रभारियों ने नागरिकों से पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है। बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और ढीले या सिंथेटिक कपड़े पहनकर आतिशबाजी करने से बचें। पटाखे जलाते समय आसपास पानी की व्यवस्था जरूर रखें।
उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति जल जाए तो प्रभावित हिस्से को लगभग 20 मिनट तक साफ, ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। जले हुए स्थान पर टूथपेस्ट, हल्दी, घी या अन्य घरेलू पदार्थ न लगाएं। गंभीर जलने की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।
इन आपात स्थितियों में 108 पर करें कॉल
– सड़क दुर्घटना और गंभीर चोट।
– पटाखों से गंभीर रूप से जलने की घटना।
– हार्ट अटैक और सांस लेने में परेशानी।
– बेहोशी या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्या।
– प्रसव संबंधी आपात स्थिति।
सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील
जिला नोडल प्रभारी रितेश कुमार सिंह एवं मोहम्मद शोयब ने जनपदवासियों से अपील की कि त्योहार को उत्साह के साथ-साथ पूरी सावधानी से मनाएं। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल 108 या 102 एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करें, जिससे जरूरतमंद को समय रहते चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
India Varta News | सच की बात, इंडिया वार्ता








