फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ शादी की खुशियों वाले घर में अचानक मातम पसर गया। गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह कस्बे में एक 22 वर्षीय युवती ने घर के आंगन में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मौके से मिले भावुक सुसाइड नोट ने परिजनों और पुलिस को झकझोर कर रख दिया है।
आंगन में लटका मिला शव, मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार, शाह कस्बे के झलिया थोक मोहल्ला निवासी शिवनरेश रैदास की पुत्री सपना उर्फ मोनी (22) सोमवार रात परिवार के साथ खाना खाकर सोई थी। रात करीब 12:30 बजे जब पिता की आंख खुली, तो उन्होंने आंगन में लोहे की सीढ़ी के सहारे मोनी का शव फंदे से लटका देखा। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सुसाइड नोट में लिखा- ‘भैया, मुझे माफ करना’
पुलिस को शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें मोनी ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। मृतका ने लिखा:
“मैं मोनी अपनी मौत की जिम्मेदार खुद हूं। मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है। पापा मैं अब जीना नहीं चाहती, मुझे कोई बुला रहा है, मैं जा रही हूं। मेरे मरने के बाद किसी को फंसाया न जाए, चाहे वो घर का हो या बाहर का। बड़े भइया, गलती के लिए माफी चाहती हूं।”
5 महीने पहले हुई थी सगाई
परिजनों ने बताया कि मोनी की शादी तय हो चुकी थी और करीब 5 महीने पहले उसकी सगाई भी धूमधाम से संपन्न हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस आत्मघाती कदम ने परिवार के सारे सपने उजाड़ दिए। शिवनरेश के चार बेटियों और दो बेटों में मोनी दूसरे नंबर की थी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर पहुंची गाजीपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि:
“प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुसाइड नोट की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”








