थरियांव के कासिमपुर आंबापुर का मामला, पुरानी रंजिश में बेटे समेत महिलाओं को पीटने और कपड़े फाड़ने का आरोप; थाना पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का भी लगाया आरोप
फतेहपुर। पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर पूरे परिवार के साथ मारपीट और महिलाओं से अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। थरियांव थाना क्षेत्र के कासिमपुर आंबापुर गांव की रहने वाली ललिता देवी पत्नी मोतीलाल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे की है। उस समय वह अपने बच्चों, बहू और बेटी के साथ घर पर मौजूद थीं, जबकि उनके पति मां दुर्गा की आरती में शामिल होने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के सुरेश, प्यारे का पुत्र आदित्य और हथगाम थाना क्षेत्र के दो अन्य लोग पुरानी रंजिश को लेकर उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।
शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर उनके बेटे सुशील कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचीं ललिता देवी, उनकी बेटी लक्ष्मी और बहू पूजा देवी को भी कथित तौर पर लात-घूंसों से पीटा गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनकी बेटी और बहू के कपड़े भी फाड़ दिए गए। हमले में परिवार के कई सदस्यों को चोटें आईं। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
थाना पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि घटना के अगले दिन 16 अक्टूबर को थरियांव थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले में प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय उन पर समझौता करने का दबाव बनाया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि समझौते से इनकार करने पर उनके और परिवार के खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी गई।
शिकायत में घायलों का चिकित्सीय परीक्षण नहीं कराए जाने और आरोपियों की ओर से लगातार जान-माल की धमकी मिलने की बात भी कही गई है।
एसपी से लगाई न्याय की गुहार
मामले में पीड़िता ललिता देवी ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने, घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।
India Varta News
सच की बात, इंडिया वार्ता।








