फतेहपुर: असोथर के ऐझी गांव में चोरों का तालातोड़ तांडव, एक ही रात में दो घरों से लाखों के जेवरात और नकदी पार

 

असोथर, फतेहपुर।

जनपद के असोथर थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐझी गांव में बीती रात बेखौफ चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो सूने घरों को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दोहरी वारदात से पूरे गांव में दहशत व्याप्त है और ग्रामीणों ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाए हैं।

केस 1: गेहूं काटने गई थी महिला, पीछे से साफ हुआ घर

जानकारी के अनुसार, ऐझी निवासी जरीना पत्नी खलील अपने घर में ताला लगाकर गेहूं की कटाई के लिए खेत पर गई हुई थीं। घर को सूना पाकर चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया और भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने घर के अंदर रखे बक्से और अलमारी के लॉक तोड़कर वहां रखे कीमती सोने-चांदी के जेवरात और हजारों की नकदी समेट ली। सुबह जब जरीना वापस लौटीं, तो टूटा ताला और बिखरा सामान देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

केस 2: पति बंगलौर में, सूने घर को चोरों ने खंगाला

इसी रात गांव के ही रहीश के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। रहीश वर्तमान में रोजगार के सिलसिले में बंगलौर में है। उसकी पत्नी सबाना घर में अकेली होने के कारण पास में स्थित दूसरे घर में सोने चली गई थी। चोरों ने इस मौके का फायदा उठाते हुए घर का ताला चटकाया और अंदर रखे बक्से से लाखों के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए।

पुलिस की कार्रवाई

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने दोनों घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पीड़ितों की ओर से थाने में लिखित तहरीर दी गई है।

क्या कहते हैं जिम्मेदार?

“तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। जल्द ही घटना का अनावरण कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।”

— धीरेन्द्र ठाकुर, थाना प्रभारी, असोथर

India Varta News
Author: India Varta News

India Help Foundation सच्ची खबरें और सामाजिक सरोकार। आपकी आवाज़, आपकी ताकत।

Leave a Comment