खागा (फतेहपुर): खागा कोतवाली क्षेत्र में मंगेतर के सामने युवती से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अब मुख्य आरोपी बबलू सिंगरौर के मददगारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। फरार आरोपी को फरारी के लिए आर्थिक मदद पहुंचाने और उसे पुलिस की गिरफ्त से बचाने के आरोप में भाजपा नेता जुगेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से खुली पोल
खागा कोतवाली में तैनात दरोगा जय प्रकाश सिंह की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, जुगेश सिंह ने मुख्य आरोपी बबलू सिंगरौर को भागने में मदद करने के उद्देश्य से 10,000 रुपये ऑनलाइन भेजे थे। पुलिस को बैंकिंग ट्रेल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के जरिए इस वित्तीय लेन-देन की पुष्टि हुई है। पुलिस अब कॉल डिटेल और बैंक खातों के जरिए उन अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है, जिन्होंने आरोपी को राजनीतिक या सामाजिक संरक्षण दिया है।
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर
एक तरफ पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है, तो दूसरी तरफ प्रशासन ने उसके आर्थिक साम्राज्य पर प्रहार किया है। तहसील प्रशासन ने मौजा बहादुरपुर स्थित गाटा संख्या 2067 की सरकारी चारागाह जमीन पर आरोपी द्वारा किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। एसडीएम खागा और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बाउंड्रीवॉल और अवैध निर्माण को मिट्टी में मिला दिया गया।
आरोपी पर 1 लाख का इनाम, कई राज्यों में दबिश
एडीजी प्रयागराज जोन के निर्देश पर मुख्य आरोपी बबलू सिंगरौर पर इनाम की राशि बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी गई है। एसओजी और सर्विलांस सहित पुलिस की 7 से अधिक टीमें उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। मामले में दो अन्य आरोपी, ललित और युवराज, पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
क्या था पूरा मामला?
बीते दिनों खागा क्षेत्र में एक युवती अपने मंगेतर के साथ जा रही थी, तभी बबलू सिंगरौर और उसके साथियों ने उन्हें बंधक बना लिया। आरोपियों ने मंगेतर के सामने युवती से घंटों तक हैवानियत की, घटना का वीडियो बनाया और पीड़ित पक्ष से ऑनलाइन पैसे भी वसूले थे।
सियासी हलचल तेज
भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध के आरोपी को संरक्षण देने वाला कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा।








