ससुरालियों के व्यवहार से आहत युवक ने दी जान, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

 

रिपोर्ट: आदर्श सिंह (ब्लॉक संवाददाता, असोथर)
फतेहपुर (असोथर): उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद अंतर्गत असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम रिठंवा में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक 25 वर्षीय युवक ने पारिवारिक विवाद और ससुराल पक्ष के कथित उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक अपने पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिठंवा निवासी विपिन मौर्य (25) पुत्र सुरेंद्र मौर्य की शादी इसी वर्ष 11 मार्च को कौशांबी जिले के काजीपुर (थाना मंझनपुर) निवासी शिवानी के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी मायके चली गई थी। करीब एक सप्ताह पूर्व विपिन अपनी पत्नी की विदाई कराने ससुराल गया था, लेकिन वहां ससुराल वालों ने उसे अपमानित कर वापस भेज दिया।
बाइक और जेवरात रखने का आरोप
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि ससुराल पक्ष ने न केवल विपिन के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की, बल्कि उसकी मोटरसाइकिल भी छीनकर रख ली। बताया जा रहा है कि शादी के कीमती जेवरात भी पत्नी के पास ही थे। इस अपमानजनक व्यवहार से विपिन गहरे सदमे में था और घर लौटने के बाद से ही गुमसुम रहने लगा था।
पंखे के हुक से लगाया फंदा
सोमवार सुबह करीब 8 बजे विपिन अपने दूसरे मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में गया। वहां उसने पहले पंखे को हुक से उतारकर अलग रखा और फिर गमछे के सहारे फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जब काफी देर तक वह नीचे नहीं आया, तो परिजनों ने ऊपर जाकर देखा, जहां उसका शव लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर पहुंची असोथर थाना पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खेती और मजदूरी कर चलाता था घर
मृतक विपिन मजदूरी और खेती-किसानी कर अपने बुजुर्ग माता-पिता का सहारा बना हुआ था। घर का इकलौता चिराग बुझने से मां-बाप और विवाहित बहन का बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment