रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी, ब्यूरो चीफ (कानपुर)
कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में अपराध और अपराधियों के खात्मे के लिए चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत काकादेव थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके के शातिर और लंबे समय से वांछित आरोपी फैजान मलिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
घेराबंदी कर काकादेव क्षेत्र से दबोचा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी फैजान मलिक (पुत्र रईस अहमद) मूल रूप से रावतपुर गांव का निवासी है। वह काकादेव थाने में दर्ज एक मामले में वांछित चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने सहयोगी टीम के साथ मिलकर काकादेव क्षेत्र में ही घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
मार्पीट, गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, फैजान मलिक एक शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ काकादेव और रावतपुर थानों में मारपीट, जान से मारने की धमकी, गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार रखने) जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों में लगातार लिप्त रहने के कारण पुलिस उसे लंबे समय से चिन्हित कर उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
अधिकारियों के कुशल निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह सफलता सेंट्रल जोन के डीसीपी और एसीपी के कुशल दिशा-निर्देशन में मिली है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम, उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) पवन कुमार, श्यामबीर सिंह और कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे।








