फतेहपुर। स्वास्थ्य विभाग की टीम पर दबाव बनाने के लिए मंत्री का रिश्तेदार होने का दावा करना सपा नेता रामनरेश पटेल को भारी पड़ गया। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए उनके ‘अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर’ को सील कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिंदकी बस स्टॉप के समीप स्थित इस सेंटर का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान संचालक रामनरेश पटेल ने खुद को मंत्री का करीबी बताकर अधिकारियों को धमकाने और काम में बाधा डालने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने सख्ती दिखाई।
नियमों की अनदेखी बनी वजह
रविवार को दोबारा मौके पर पहुंची विभागीय टीम ने जांच की, जिसमें सेंटर पर गंभीर अनियमितताएं और अभिलेखों में खामियां पाई गईं। इसके बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से सेंटर को सील कर दिया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई से जिले के निजी चिकित्सा संस्थानों में हड़कंप मचा हुआ है।








