फतेहपुर। बहुआ विकास खण्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरियापुर में स्थित ऐतिहासिक ‘जमादारन तालाब’ पर भू-माफियाओं और दबंगों के कब्जे से ग्रामीण परेशान हैं। शुक्रवार को ग्राम प्रधान राकेश प्रजापति के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि ग्राम हरियापुर स्थित गाटा संख्या 121 (जमादारन तालाब) पर गांव के ही दबंग रामकृपाल साहू, जयकरन और शरीफ आदि ने कब्जा कर रखा है। इन लोगों ने तालाब में मिट्टी और कूड़ा डालकर उसे पाट दिया है, जिससे तालाब का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।
समस्याओं का अंबार:
जलभराव व बीमारी: तालाब पाटने के कारण जल निकासी बाधित हो गई है, जिससे चारों तरफ बने रास्तों पर जलभराव रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी और दूषित पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
आवागमन में बाधा: तालाब के पास स्थित रास्ते पर कीचड़ होने के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और महिलाओं को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग:
प्रधान राकेश प्रजापति ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में कई बार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने ‘मेरा गांव मेरा तालाब’ योजना के तहत इस तालाब से अवैध कब्जा हटवाने और इसका सौंदर्यीकरण कराने की पुरजोर मांग की है।
इस दौरान अजय सिंह, रवी पटेल, अमर सिंह, अशोक पटेल, सलीम खां, शब्बीर, यूनुस और राजू सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








