फतेहपुर। कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने ग्राम कल्याणपुर की बदहाल मूलभूत सुविधाओं को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि आज भी गांव की सड़कें खड़ंजे और टूटी हुई हैं, जबकि सरकार ग्रामीण विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है और कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे किसानों को खेती-किसानी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिवाकांत तिवारी ने कहा कि गांव में बिजली के खम्भे तो लगा दिए गए हैं, लेकिन ग्रामीणों को पर्याप्त रोशनी आज तक नहीं मिल सकी है। उन्होंने इसे सरकार की लापरवाही और ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा का उदाहरण बताते हुए कहा कि विकास के दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं।
कांग्रेस नेता ने प्रशासन से मांग की कि ग्राम कल्याणपुर में जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।








