फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थरियांव थाना क्षेत्र में हुई एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर जीशान खान घायल हो गया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
चेकिंग के दौरान हुई फायरिंग
जानकारी के अनुसार, थरियांव थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया, लेकिन रुकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश करने लगा।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली गैंगस्टर जीशान खान के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद हुआ है।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी
मुठभेड़ में घायल होने के बाद पुलिस ने जीशान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक, जीशान खान एक शातिर अपराधी है और उस पर गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। प्रशासन ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। आरोपी के खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








