रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी, ब्यूरो चीफ (कानपुर)
कानपुर। गर्मी के मौसम में फसलों को आग की लपटों से बचाने के लिए कानपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग अब एक्शन मोड में है। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के निर्देश पर अग्निशमन केंद्र बिल्हौर में एक महत्वपूर्ण जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) दीपक शर्मा ने की।
सावधानी से बचेगा अन्नदाता का ‘सोना’
गोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएफओ दीपक शर्मा ने कहा कि फसल अग्निकांड से होने वाले नुकसान को केवल जागरूकता और त्वरित कदम उठाकर ही रोका जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से अपील की कि वे अपने गांवों के तालाबों, नलकूपों और ट्यूबवेल के टैंकों को हमेशा पानी से लबालब रखें, ताकि किसी भी अनहोनी के समय तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
आपात स्थिति में यहाँ करें संपर्क
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने जोर देकर कहा कि आग लगने की सूचना देने में देरी न करें। उन्होंने विभाग के महत्वपूर्ण नंबर साझा किए:
अग्निशमन कंट्रोल रूम: 9454418396
आपातकालीन सेवा: डायल 112
प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस जागरूकता अभियान में केवल फायर ब्रिगेड ही नहीं, बल्कि प्रशासन के विभिन्न विभागों ने भी सहभागिता की। गोष्ठी में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) बिल्हौर, खंड विकास अधिकारी (VDO), विद्युत विभाग और नलकूप विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ ग्राम प्रधान, किसान, अग्निसचेतक और आपदा मित्र मौजूद रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को बिजली के तारों से होने वाली शॉर्ट-सर्किट और बीड़ी-सिगरेट जैसी छोटी लापरवाही से बचने की सलाह दी, जो अक्सर बड़े अग्निकांड का कारण बनती हैं।








