कानपुर: बर्रा में ऑनलाइन सट्टा और बैंक फ्रॉड का बड़ा खेल, पुलिस के हत्थे चढ़े 4 शातिर युवक

ब्यूरो रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी, कानपुर

कानपुर। शहर के बर्रा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजी और फर्जी बैंक खातों के जरिए अवैध लेनदेन करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। जनता नगर चौकी पुलिस ने बीती रात एक मकान पर छापेमारी कर चार युवकों को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद से सट्टा बाजार से जुड़े सिंडिकेट में खलबली मच गई है।

पीले पुल के पास चल रहा था अवैध नेटवर्क

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को काफी समय से पीले पुल स्थित एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस ने देर रात छापेमारी की, जहाँ से शिवा, सत्यम, अनमोल और स्नेहिल नाम के युवकों को पकड़ा गया।

ये आरोपी मोबाइल फोन के जरिए फर्जी आईडी और अकाउंट्स बनाकर ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहे थे। मौके से कई मोबाइल फोन और संदिग्ध डिजिटल डाटा बरामद हुआ है।

बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं तार

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए आरोपी केवल प्यादे हो सकते हैं और इनके तार किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस अब इन युवकों के मोबाइल चैट्स और बैंक ट्रांजेक्शन खंगाल रही है ताकि इस काले कारोबार के आकाओं तक पहुँचा जा सके।

चर्चा में ‘सेटिंग’ की खबरें: क्या खाकी देगी क्लीन चिट?

इस पूरे मामले में एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आ रहा है। सूत्रों के हवाले से चर्चा है कि इस कार्रवाई को दबाने के लिए कुछ ‘खाकीधारी’ सक्रिय हो गए हैं और मामले को ‘सेटिंग’ के जरिए निपटाने की कोशिशें जारी हैं। हालांकि, अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पुलिस की आगामी कार्रवाई यह साफ कर देगी कि जांच कितनी ईमानदारी से हो रही है।

फिलहाल, बर्रा थाना और जनता नगर चौकी पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। अब देखना यह है कि पुलिस इस गिरोह की जड़ों तक पहुँचती है या मामला फाइलों में ही दबकर रह जाता है।

 

India Varta News
Author: India Varta News

India Help Foundation सच्ची खबरें और सामाजिक सरोकार। आपकी आवाज़, आपकी ताकत।

Leave a Comment