नसीराबाद, रायबरेली। जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र में एक शातिर बाइक चोर का पर्दाफाश हुआ है। ताज्जुब की बात यह है कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि गांव का ही एक बाइक मैकेनिक निकला। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
तिलक समारोह से गायब हुई बाइक
घटना शुक्रवार रात की है, जब नसीराबाद थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी परैया नमकसार के अंतर्गत ‘पूरे मितई’ (मजरे बभनपुर) में शिव श्याम विश्वकर्मा के घर तिलक समारोह चल रहा था। इस समारोह में शामिल होने आए पड़ोसी गांव परैया नमकसार निवासी दीपक सरोज ने अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक (UP 33 BK 6366) कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर खड़ी की थी। महज 20 मिनट बाद जब वह वापस लौटा, तो बाइक गायब देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, लेकिन रात में बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।
तलाशी के दौरान मैकेनिक की पत्नी ने किया विरोध
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शक के आधार पर गांव में संदिग्ध स्थानों की तलाशी लेनी शुरू की। जब ग्रामीण गांव के ही बाइक मैकेनिक सुधीर कुमार (पुत्र श्याम सुंदर वर्मा) के घर पहुंचे, तो उसकी पत्नी ने तलाशी का कड़ा विरोध किया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए वीडियो बनाना शुरू किया और घर के अंदर दाखिल हुए।
घर के अंदर खुला ‘चोरी का गोदाम’
तलाशी के दौरान मैकेनिक के घर से चोरी की तीन साबुत मोटरसाइकिलें और कई पुरानी मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे बरामद हुए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज देवेश साहू ने आरोपी को हिरासत में लिया और बभनपुर मेन रोड पर स्थित उसकी बाइक मरम्मत की दुकान पर भी छापेमारी की।
पुलिस की कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपी पुलिस की हिरासत में है और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आरोपी के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जा रही है।








