खाकी पर लगा मासूम को पीटने का दाग, पीआरवी चालक पर 12 वर्षीय किशोर से मारपीट का आरोप

 

फतेहपुर। जनपद के खखरेरू थाना क्षेत्र से पुलिस की संवेदनहीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एक पीआरवी (PRV) जवान पर 12 वर्षीय किशोर को बेवजह और बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित किशोर के शरीर पर आए चोट के निशान पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, मामला खखरेरू थाना क्षेत्र के कोट गांव का है। बताया जा रहा है कि किशनपुर थाने में तैनात पीआरवी 8530 किसी इवेंट के सिलसिले में खखरेरू क्षेत्र के कोट गांव गई थी। इसी दौरान घर के बाहर खेल रहे 12 वर्षीय किशोर को पीआरवी के चालक ने कथित तौर पर पकड़ लिया और बिना किसी ठोस वजह के उसे थप्पड़ों व डंडों से पीटना शुरू कर दिया।

परिजनों में आक्रोश, किशोर को आईं गंभीर चोटें

पीड़ित किशोर का आरोप है कि पीआरवी चालक ने उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि उसे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। मासूम की चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुँचते, तब तक आरोपी जवान वहां से जा चुका था। घटना के बाद से गांव में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस पुलिस पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही मासूमों पर डंडे बरसा रही है।

अधिकारियों के पाले में गेंद

किशनपुर थाने की पीआरवी का दूसरे थाना क्षेत्र (खखरेरू) में जाकर इस तरह की घटना को अंजाम देना चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि विभाग अपने आरोपी चालक पर क्या कार्रवाई करता है या फिर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment