फतेहपुर। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में डीएम ने सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए।
प्रमुख निर्देश और निर्णय:
स्कूली वाहनों की सुरक्षा: डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बीएसए को निर्देशित किया कि सभी स्कूली वाहन चालकों का शत-प्रतिशत नेत्र परीक्षण कराया जाए। साथ ही, बिना फिटनेस के किसी भी स्कूली वाहन के संचालन पर पूर्णतः रोक लगाने के निर्देश एआरटीओ और पुलिस विभाग को दिए।
इंजीनियरिंग में सुधार: एनएचआई (NHI) कानपुर को जनपद के प्रवेश द्वार पर बड़ा साइनेज बोर्ड लगाने और पीडब्ल्यूडी को संपर्क मार्गों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर व टेबल टॉप बनाने के निर्देश दिए गए।
लाइसेंस निरस्तीकरण: लापरवाही से गाड़ी चलाने और गंभीर दुर्घटना करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल निरस्त करने की कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जागरूकता अभियान: आरटीओ को समाजसेवियों के साथ मिलकर प्रचार-प्रसार करने और हाईवे किनारे स्थित ढाबों, पेट्रोल पंप स्टाफ व युवाओं को ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में प्रशिक्षित करने को कहा गया।
जीरो फैटलिटी पर जोर
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को ‘जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट टीम’ के माध्यम से नियमित पेट्रोलिंग करने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट व चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के लिए जागरूक करने को कहा।
उपस्थिति: बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), एआरटीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए, टीएसआई और समाजसेवी अशोक तपस्वी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








