कानपुर ब्यूरो चीफ राहुल द्विवेदी
📍 कानपुर
कानपुर कमिश्नरेट की कोतवाली पुलिस ने फर्जी जमानत और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए कोर्ट से जमानत कराने वाले गिरोह के एक अहम आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुरेंद्र सिंह को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी हरियाणा के जींद जिले का निवासी है और वर्ष 2020 में दर्ज धोखाधड़ी, जालसाजी व फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में वांछित था। आरोपी के खिलाफ कोर्ट से जमानत दिलाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप है।
जांच में यह भी सामने आया है कि सुरेंद्र सिंह पर चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस टीम काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी और आखिरकार उसे आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं अब पुलिस फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क और इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क अन्य जिलों और राज्यों तक फैला हुआ है या नहीं।








