कानपुर (उत्तर प्रदेश)
ब्यूरो चीफ: राहुल द्विवेदी
कानपुर। ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पवित्र त्योहार को देखते हुए कानपुर ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद और अलर्ट मोड पर आ गई है। शहरवासियों को त्योहार के दौरान आवागमन में किसी भी तरह की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुगम, सुरक्षित व सुव्यवस्थित बनी रहे, इसके लिए पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) यातायात रवीन्द्र कुमार खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने शहर के तमाम प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों का बारीकी से स्थलीय निरीक्षण किया।
इन प्रमुख चौराहों और रूटों का लिया गया जायजा
निरीक्षण के दौरान डीसीपी यातायात ने त्योहार के मद्देनजर तैयार किए गए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान और पार्किंग व्यवस्था को जमीन पर परखा। इस दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों का दौरा किया गया:
कंपनी बाग चौराहा और बेनाझावर तिराहा
बजरिया चौराहा, ईदगाह चौराहा और बकर मंडी ढाल
घंटाघर चौराहा, जरीब चौकी चौराहा एवं परेड चौराहा
डीसीपी ट्रैफिक का सख्त निर्देश:
“पर्व के दौरान शहर में कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। आम जनता को आने-जाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।”
जाम-मुक्त कानपुर के लिए व्यापक तैयारियां
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने ड्यूटी पर तैनात संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कड़े निर्देश दिए कि वे मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा बकरीद को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़े पैमाने पर रूट डायवर्जन और वाहनों के लिए पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया जा रहा है, ताकि मुख्य मार्गों पर दबाव को कम किया जा सके।
कानपुर नगर ट्रैफिक पुलिस की इस तत्परता से साफ है कि त्योहार के दौरान शहर की रफ्तार थमने नहीं पाएगी और सुरक्षा के साथ-साथ सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।








