कानपुर (उत्तर प्रदेश)
ब्यूरो चीफ: राहुल द्विवेदी
कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत अब सड़कों पर आम जनता का रास्ता रोकने वाले अतिक्रमणकारियों पर भी पुलिस का भारी शिकंजा कस गया है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के कड़े रुख के बाद पूर्वी जोन के डीसीपी और एसीपी के नेतृत्व में बाजारों और मुख्य मार्गों को जाम-मुक्त कराने की मुहिम तेज हो गई है।
इसी क्रम में कलक्टरगंज थाना प्रभारी विनय तिवारी ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र में अवैध रूप से रास्ता घेरकर बैठे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सड़क पर ‘मकड़जाल’ फैलाकर यातायात बाधित करने के मामले में मुरादाबादी बिरयानी के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सड़क और बाजारों को कराया गया अतिक्रमण मुक्त
थाना प्रभारी कलक्टरगंज के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान मुख्य मार्गों और बाजारों में गलत तरीके से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा कर दुकानें लगाने, ठेले-खोंचे खड़े करने और सार्वजनिक मार्ग को बाधित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया। अभियान के दौरान कई दुकानदारों को अंतिम चेतावनी दी गई, तो वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले मुख्य आरोपियों पर सीधे मुकदमे की गाज गिरी।
आम जनता को जाम से दिलाना पहली प्राथमिकता
कलक्टरगंज पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि सड़कों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन की सख्त चेतावनी:
“शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और आम जनता को रोजाना लगने वाले जाम के झाम से मुक्ति दिलाना हमारी पहली प्राथमिकता है। सार्वजनिक रास्तों को रोकने वालों के खिलाफ यह दंडात्मक अभियान आगे भी इसी तरह लगातार और पूरी कड़ाई के साथ जारी रहेगा।”








