फतेहपुर। शहर के बड़े शिवाला क्षेत्र स्थित आकाश होटल में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मंगलवार को बड़े शिवाला स्थित आकाश होटल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक कमरे में ठहरे युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही होटल कर्मचारियों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अंकित द्विवेदी पुत्र प्रेम बाबू द्विवेदी, निवासी हरिहरगंज, फतेहपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष थी। पुलिस के अनुसार अंकित पूर्व में दिल्ली में रहकर कार्य करते थे। उनके पास मिले आधार कार्ड में दिल्ली का पता दर्ज होने के कारण शुरुआती जांच में पहचान को लेकर कुछ भ्रम की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में उनकी पहचान फतेहपुर निवासी के रूप में हुई।
घटना के बाद मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।








