यमुना नदी में नहाते समय दो किशोर डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी

 

 

फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के बिंदौर घाट पर मंगलवार सुबह यमुना नदी में स्नान के दौरान दो किशोरों के डूब जाने से दर्दनाक हादसा हो गया। घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरे की तलाश के लिए पुलिस और स्थानीय गोताखोरों द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार जाफरगंज थाना क्षेत्र निवासी ऋषभ (11 वर्ष) पुत्र अभिषेक अपने मौसेरे भाई प्रतीक (13 वर्ष) पुत्र मुकेश निवासी चांदपुर थाना क्षेत्र के साथ मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बिंदौर गांव के समीप यमुना नदी घाट पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान दोनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

 

घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जाफरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

 

काफी मशक्कत के बाद ऋषभ को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

 

वहीं दूसरे किशोर प्रतीक की तलाश लगातार जारी है। पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की संयुक्त टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। समाचार लिखे जाने तक लापता किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में यमुना नदी का जलस्तर और बहाव तेजी से बदलता है, जिससे घाटों पर खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

 

पुलिस का कहना है कि लापता किशोर की तलाश के लिए अभियान जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment