महिला हितैषी ग्राम पंचायत में जुटे विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
पानी की टंकी चालू कराने और हाईटेंशन लाइन हटाने की उठी मांग
फतेहपुर। विकास खंड बहुआ की राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर पर सम्मानित ग्राम पंचायत सुजानपुर में ग्राम प्रधान हेमलता पटेल के संयोजन में रात्रि चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। जिले की प्रथम महिला हितैषी ग्राम पंचायत के रूप में पहचान बना चुकी सुजानपुर के मिनी सचिवालय परिसर में आयोजित चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
चौपाल के दौरान समाज कल्याण, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित कई विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाते हुए पात्र लाभार्थियों को जागरूक किया।
सप्लाई इंस्पेक्टर मयंक श्रीवास्तव ने राशन कार्ड ई-केवाईसी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ई-केवाईसी पूर्ण होने के बाद पात्र लाभार्थी देश के किसी भी हिस्से में राशन प्राप्त कर सकते हैं। वहीं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विष्णु वर्मा ने पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जियो-मैपिंग सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्राम प्रधान हेमलता पटेल एवं ग्रामीणों ने गांव की प्रमुख समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस संबंध में एक मांग पत्र भी सौंपा गया, जिसमें जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकी को शीघ्र चालू कराने, गांव के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को हटाकर एबीसी केबल लगाने तथा मिनी सचिवालय मार्ग पर सीसी इंटरलॉकिंग निर्माण कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने कहा कि गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन के बीच संवाद से विकास कार्यों को गति मिलती है।
कार्यक्रम में सचिव जितेंद्र कुमार, डॉ. पंकज, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक सुरेंद्र कुमार, अखिलेश, अर्चना सिंह, आरती, सुमन, धर्मेंद्र, नफीस, रंजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








