किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू भूमिपुत्र का प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 

फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन (भूमिपुत्र) ने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। संगठन के जिला अध्यक्ष पवन कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समय रहते निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन में किसानों ने धान की बुवाई के मौजूदा सीजन को देखते हुए पर्याप्त और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। संगठन ने पुरानी विद्युत व्यवस्था को पुनः लागू करने तथा रात के समय भी नियमित बिजली उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही किसानों को समय पर खाद न मिलने की समस्या का उल्लेख करते हुए खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।

किसान नेताओं ने फतेहपुर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के चौडगरा दुग्ध अवशीतन केंद्र को पुनः संचालित कराने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि केंद्र बंद होने से क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। औरई गांव के निर्मल नगर मोहल्ले से घोसीपुरा मार्ग तक जलभराव की समस्या दूर करने के लिए सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण कराने की मांग की गई। वहीं बहरामपुर–सातों–नरैनी मार्ग की जर्जर स्थिति का हवाला देते हुए जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई।

संगठन ने जल जीवन मिशन के तहत औरई गांव में बन रही पानी की टंकी के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई। इसके अलावा धाता विकासखंड के जहांगीर नगर गांव के पास स्थित नहर पुलिया के चौड़ीकरण और पशु चिकित्सालय में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई।

भाकियू (भूमिपुत्र) पदाधिकारियों ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि खेती-किसानी और ग्रामीण जनजीवन से जुड़ी परेशानियों का जल्द समाधान हो सके।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment