योग दिवस पर सुजानपुर में दिखी अनूठी मिसाल, साड़ी में महिलाओं ने किया योग

 

 

फतेहपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बहुआ विकासखंड की ग्राम पंचायत सुजानपुर में स्वास्थ्य जागरूकता और नारी सशक्तिकरण का अनूठा संगम देखने को मिला। ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में आयोजित योग कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक साड़ी पहनकर योगाभ्यास किया और फिट रहने का प्रेरणादायी संदेश दिया।

 

कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत परिसर स्थित नवस्थापित सार्वजनिक ओपन जिम में किया गया। हाल ही में ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की पहल पर स्थापित यह ओपन जिम ग्रामीणों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है, जहां बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग नियमित रूप से व्यायाम कर सकते हैं।

 

योगाभ्यास के दौरान महिलाओं ने विभिन्न योगासन कर यह संदेश दिया कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए किसी विशेष परिधान की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने बताया कि पारंपरिक वेशभूषा भी योग और व्यायाम में बाधक नहीं है।

 

इस अवसर पर ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अक्सर संकोच या संसाधनों की कमी के कारण अपनी सेहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पातीं। योग और नियमित व्यायाम स्वस्थ जीवन की कुंजी है, इसलिए गांव में ओपन जिम की स्थापना कर सभी वर्गों को स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया है।

 

कार्यक्रम में सावित्री, लक्ष्मी, मधु, कम्मो, संयोगिता, सुमन, शिवांश, प्रिया, प्रतिभा, युवांश, सीमा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं संगठन की महिलाएं मौजूद रहीं। योग दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और ग्रामीणों ने इसे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की सराहनीय पहल बताया।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment