फतेहपुर। जिले के हुसैनगंज क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने तीन जिंदगियां छीन लीं। नेशनल हाईवे-335 पर चंदीपुर और सरैला गांव के बीच बाइक और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि असनी गांव निवासी मोहम्मद शरीफ की पत्नी शबनम (35), बेटी इलमा (16) और सौरभ मौर्य (22) पुत्र चंद्रगुप्त मौर्य एक बाइक पर सवार होकर ललौली थाना क्षेत्र के कुम्हरवा गांव में निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे। इलमा गांव के इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ती थी।
रास्ते में चंदीपुर और सरैला गांव के बीच उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार ट्रेलर के साथ करीब 15 मीटर तक घिसटते चले गए। दुर्घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर असनी चौकी पुलिस और थाना प्रभारी निरीक्षक दीप नारायण पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा भी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। अपनों को खोने के सदमे से परिजनों का बुरा हाल हो गया। एक ही दुर्घटना में तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हाईवे टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।








