ब्यूरो रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी, कानपुर
कानपुर। शहर के चकेरी थाना क्षेत्र में एक ससुर की बर्बरता का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी ने अपनी बहू को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा और उसे सड़क पर घसीटा। इस दौरान पीड़िता चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन ससुर का दिल नहीं पसीजा।
“मुझे बचाओ… मैं नहीं जाऊंगी”
घटना का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। आरोपी ससुर सुशील दुबे ने अपनी बहू मीनाक्षी पांडे को घर से बाहर निकाल कर सड़क पर पटक दिया और उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस खींचतान और मारपीट में महिला के कपड़े तक फट गए। पीड़िता लगातार गुहार लगाती रही, “मुझे मार रहा है… मुझे बचाओ… मैं यहाँ से नहीं जाऊंगी,” लेकिन आरोपी उसे लगातार घसीटता रहा।
बेटे की दूसरी शादी के लिए बहू पर अत्याचार?
पीड़िता का आरोप है कि उसका ससुर सुशील दुबे अपने बेटे की दूसरी शादी चोरी-छुपे करवाना चाहता है। इसी साजिश के तहत वह बहू को ‘पागल’ घोषित करने पर तुला है। आरोप है कि उसे घर से निकालने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए आए दिन इसी तरह मारपीट की जाती है ताकि रास्ता साफ हो सके और बेटे का दूसरा विवाह कराया जा सके।
पुलिसिया कार्रवाई पर नजर
बीच सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी और महिला उत्पीड़न के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। रेलवे से रिटायर्ड जैसे सम्मानित पद पर रहे व्यक्ति की इस करतूत ने सबको हैरान कर दिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अब देखना यह है कि क्या पुलिस इस ‘हैवान’ ससुर के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई कर बहू को न्याय दिला पाती है या नहीं।








