दर्दनाक हादसा: गेहूं लोड करते समय पलटी ट्रॉली, नीचे दबकर बुजुर्ग किसान की मौत

असोथर (फतेहपुर): थाना क्षेत्र के मैकुआपुर गांव में सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। खेत में गेहूं लदवाई के दौरान अचानक ट्रॉली पलटने से उसके नीचे बैठे 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

छांव में बैठना बना काल

मिली जानकारी के अनुसार, मैकुआपुर निवासी रामौतार निषाद (60) पुत्र खंडू लाल सोमवार दोपहर करीब एक बजे अपने खेत में गेहूं की कटाई के बाद ट्रॉली में फसल लदवा रहे थे। कड़ी धूप के कारण रामौतार ट्रॉली के नीचे छांव में बैठे थे। इसी बीच, ट्रॉली के पिछले हिस्से में गेहूं का वजन अधिक हो जाने के कारण वह अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नीचे बैठे रामौतार को संभलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रॉली के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के समय ट्रैक्टर और थ्रेसर खेत के दूसरे हिस्से में काम कर रहे थे। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालकर घर ले आए। मृतक रामौतार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है:

उनकी पत्नी बेलपती देवी और एक पुत्र रामदत्त की पिछले छह माह के भीतर बीमारी से पहले ही मौत हो चुकी है।

उनके तीन बेटे—देवदत्त, ओमप्रकाश और शिवप्रकाश—काम के सिलसिले में राजस्थान और मुंबई में रहते हैं, जो सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए हैं।

घर पर मौजूद बहू सुनीता, ममता और मासूम नाती-नातिनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम से परिजनों का इनकार

हादसे की सूचना मिलने पर गांव में मातम छा गया है। हालांकि, परिजनों ने कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है।

थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि फिलहाल पुलिस को इस घटना के संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है, तो मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment