फतेहपुर: चाय की दुकान से शुरू हुआ विवाद अब ‘मानहानि’ की दहलीज पर, अखिलेश के आरोपों पर पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह का पलटवार

 

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक साधारण चाय की दुकान से शुरू हुआ विवाद अब एक बड़े सियासी संग्राम में तब्दील हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया दौरे के बाद उपजे इस विवाद में अब बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह (धुन्नी सिंह) की एंट्री हो गई है। उन्होंने अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए मानहानि का दावा करने की चेतावनी दी है।

एक हफ्ते में सबूत दें वरना भुगतें कानूनी कार्रवाई: धुन्नी सिंह

बीजेपी सरकार के पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक धुन्नी सिंह ने अखिलेश यादव के आरोपों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत करार दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अखिलेश यादव राजनीति चमकाने के लिए झूठ का सहारा ले रहे हैं। धुन्नी सिंह ने चुनौती दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के सबूत पेश नहीं किए गए, तो वह कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे। उन्होंने यहां तक ऐलान कर दिया कि “अगर आरोप साबित हो जाते हैं, तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा।”

सांप्रदायिक रंग देने का आरोप

पूर्व मंत्री ने इस पूरे मामले में ‘तुष्टीकरण’ की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना को जानबूझकर सांप्रदायिक मोड़ दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “मारपीट करने वालों की असली पहचान छिपाई जा रही है क्योंकि वे एक विशेष समुदाय (मुस्लिम) से थे।” अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पीड़ित पहले सिर्फ एक हिंदू था, लेकिन सपा प्रमुख के संपर्क में आते ही उसे ‘PDA’ का हिस्सा बना दिया गया।

अवैध खनन और तस्करी के आरोपों को किया खारिज

धुन्नी सिंह ने अपने ऊपर लगे अवैध खनन, कछुआ तस्करी और शराब माफियाओं से जुड़े तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष हताशा में आकर इस तरह के लांछन लगा रहा है।

क्या है पूरा मामला?

विवाद की जड़ें तब गहरी हुईं जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने फतेहपुर दौरे के दौरान आर्यन यादव नाम के युवक की दुकान पर चाय पी थी। इसके बाद आर्यन ने आरोप लगाया था कि उसे और उसकी दुकान को निशाना बनाया जा रहा है और उस पर हमले किए गए। अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को लेकर सरकार और स्थानीय बीजेपी नेताओं को घेरा था।

India Varta News
Author: India Varta News

India Help Foundation सच्ची खबरें और सामाजिक सरोकार। आपकी आवाज़, आपकी ताकत।

Leave a Comment