फतेहपुर। जनपद के खागा कोतवाली क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है, जहाँ एक युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग की गई। इस मामले में पुलिसिया लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक ने खागा कोतवाल समेत तीन थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया है। जिले में एक साथ चार थानेदारों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
कुटीपर नहर के पास हुई ‘हैवानियत’
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थरियांव थाना क्षेत्र का एक युवक 24 अप्रैल को अपनी मंगेतर के साथ खागा क्षेत्र जा रहा था। रास्ते में कुटीपर नहर पुलिया के पास रुककर वे कोल्ड ड्रिंक पीने लगे, तभी तीन दबंग वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने कपल को असलहों के दम पर डराया और खींचकर पास के जंगल में ले गए।
वहां युवती के साथ छेड़छाड़ की गई और एक युवक ने उसे करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। दरिंदों ने इस दौरान अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए और विरोध करने पर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
UPI से वसूले पैसे, पुलिस ने 24 घंटे तक टाला
हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने युवक के मोबाइल से UPI के माध्यम से 2500 रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। घटना के बाद पीड़ितों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर सूचना दी और अगले दिन थाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि खागा पुलिस ने 24 घंटे तक उन्हें टालमटोल कर परेशान किया। अंत में पीड़ितों ने एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई।
SP का हंटर: खागा, किशनपुर और असोथर प्रभारी हटे
मामले की गंभीरता और पुलिस की शिथिलता को देखते हुए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बड़ी कार्रवाई की है:
खागा कोतवाल रमेश पटेल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह संजय पांडे (हथगाम प्रभारी) को खागा की कमान सौंपी गई है।
किशनपुर थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम और असोथर थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है।
अरुण चतुर्वेदी को हथगाम, बच्चे लाल सरोज को किशनपुर, रमाशंकर सरोज को असोथर और दिनेश शुक्ला को औंग थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
दो गिरफ्तार, फरार पर इनाम घोषित
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार तीसरे आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि अपराध और लापरवाही के प्रति प्रशासन का रुख बेहद सख्त रहेगा।








