✍️ कानपुर ब्यूरो चीफ राहुल द्विवेदी
📍 कानपुर
कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में चोरों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। बदमाश देर रात दीवार काटकर घर के अंदर घुसे और करीब 21 लाख रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई, जब परिवार के लोगों की आंख खुली और कमरों के दरवाजे बाहर से बंद मिले।
पीड़ित सज्जन सिंह ने बताया कि परिवार में रिश्तेदारी की शादी होने के कारण घर के सभी कीमती जेवर एक ही कमरे में रखे गए थे। चोरों ने इसी का फायदा उठाते हुए हार, अंगूठियां, चूड़ियां, पायल समेत लगभग 20 लाख रुपये के आभूषण और करीब 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। घर के लोग पड़ोसी की छत के रास्ते नीचे उतरे, तब जाकर सेंधमारी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय निवासी राजन शर्मा के मुताबिक, चोर दीवार काटकर घर में दाखिल हुए थे। घटना स्थल से करीब 300 मीटर दूर खाली बक्से बरामद हुए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश सामान छांटकर कीमती जेवर और नकदी अपने साथ ले गए।
पुलिस को शक है कि वारदात में किसी करीबी या घर की गतिविधियों की जानकारी रखने वाले व्यक्ति का हाथ हो सकता है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
🔴 फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।








