कानपुर ब्यूरो चीफ राहुल द्विवेदी
कानपुर (उत्तर प्रदेश)। कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन की पनकी थाना पुलिस ने इंडियन ऑयल डिपो से जुड़े तेल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक टैंकर, पाइप, गैस कटर सहित तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और करीब 50 लीटर ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को सूचना मिली थी कि इंडियन ऑयल डिपो के पास स्थित एक हाते में टैंकरों से तेल चोरी की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर शेख शाहीन उर्फ भानु, रोहित सैनी, आशीष कुमार श्रीवास्तव और पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि डिपो से निकलने वाले टैंकरों को सुनियोजित तरीके से हाते तक लाया जाता था, जहां गैस कटर से वाल्व का ताला काटकर पाइप के जरिए तेल निकाला जाता था। चोरी के बाद टैंकरों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह में टैंकर चालक, वाहन स्वामी तथा मुख्य आरोपी शेख शाहीन उर्फ भानु और उसके पिता वकील अहमद की अहम भूमिका थी। चोरी किए गए तेल को बाजार में ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध कमाई की जाती थी।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी वकील अहमद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी शेख शाहीन उर्फ भानु का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








