फतेहपुर: पेड़ से लटका मिला अज्ञात महिला का शव, पास मिले दो फोटो; हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस

असोथर थाना क्षेत्र के बेसंडी मोड़ की घटना, पास ही रोते हुए देखी गई थी महिला

असोथर/फतेहपुर।

असोथर थाना क्षेत्र के बेसंडी मोड़ के पास शुक्रवार सुबह करीब सात बजे एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस विभिन्न माध्यमों से महिला की पहचान करने के प्रयास में जुटी है।

आम बिनने गए ग्रामीणों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, रात में आई आंधी, तूफान और बारिश के बाद सुबह ग्रामीण खेतों की ओर गिरे हुए आम बिनने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने आछी के पेड़ पर एक महिला का शव दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल से महिला की चप्पल भी बरामद हुई है, जो शव के पास ही पड़ी मिली।

हुलिया और मिले सामान से पहचान की कोशिश

मृतक महिला की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है। महिला ने लाल रंग की साड़ी, पट्टीदार ब्लाउज तथा लाल और पीले रंग की चूड़ियां पहन रखी थीं। इसके अलावा वह पैर में बिछिया, गले में लाल मोतियों की माला, कानों में झुमकी, हाथों में अंगूठी और पैरों में तोड़िया पहने हुए थी।

तस्वीरें हुईं बरामद: पुलिस की जांच में महिला के शव से तीन तस्वीरें बरामद हुई हैं, जिनमें एक पुरुष, एक बच्ची और स्वयं महिला मौजूद है। पुलिस इन तस्वीरों और वीडियो के आधार पर फतेहपुर सहित आसपास के अन्य जनपदों में भी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

पारिवारिक प्रताड़ना की चर्चा, एक दिन पहले रोती दिखी थी महिला

ग्रामीणों के अनुसार, करीब 20 दिन पहले इस महिला को गाजीपुर थाना क्षेत्र के गाजीपुर बस स्टैंड पर देखा गया था। वहीं, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर गाजीपुर-असोथर मार्ग के किनारे बने एक मकान के सामने वह बैठकर रो रही थी। महिला ने वहां के रहने वालों से पानी मांगा था और पूछने पर बताया था कि परिजनों ने उसके साथ मारपीट की है, हालांकि उसने अपने गांव या परिवार का नाम नहीं बताया था। ग्रामीणों में चर्चा है कि महिला पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर यह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुई।

क्या कहती है पुलिस?

थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि:

“प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है। महिला की शिनाख्त के लिए जिले और अन्य जनपदों के थानों को सूचना व तस्वीरें भेज दी गई हैं। पहचान स्थापित होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment