जहानाबाद (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र की रिंद नदी में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने शव बहता देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के लिए पुलिस मृतक के फोटो और हुलिये की जानकारी सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस आसपास के थानों और अन्य जनपदों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








