मौसी के जेवर लूटने के लिए भांजे ने ही बिछाया जाल, बिंदकी पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई वारदात; सात गिरफ्तार

 

 

फतेहपुर। रिश्तों की आड़ में अपराध की ऐसी साजिश रची गई, जिसका खुलासा होने पर पुलिस भी हैरान रह गई। शादी समारोह से घर लौट रही महिला के साथ हुई लूट की घटना में उसका करीबी रिश्तेदार ही कथित तौर पर मास्टरमाइंड निकला। बिंदकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटे गए आभूषणों के साथ नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

 

जिस पर किया भरोसा, उसी ने बनाई लूट की योजना

 

मामला 22 नवंबर की रात का है। अंजना देवी पत्नी किशन चंद्र निवासी पाण्डेयपुर अपने रिश्तेदार जीत बहादुर के साथ जाफराबाद गांव में आयोजित शादी समारोह से बाइक पर घर लौट रही थीं। रास्ते में सुनसान स्थान पर पहले से मौजूद लोगों ने डंडे का भय दिखाकर बाइक रुकवा ली। महिला को खेत की ओर गिराकर उनके पास रखे डिब्बे में मौजूद जेवरात लूट लिए गए।

 

घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर 23 नवंबर को बिंदकी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

 

महिला के जेवरों की जानकारी का उठाया फायदा

 

पुलिस की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी जीत बहादुर को महिला के आभूषणों के बारे में पहले से जानकारी थी। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि बाइक की किस्तें बकाया थीं और मां के इलाज के लिए कर्ज भी चुकाना था। इसी आर्थिक परेशानी में उसने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना तैयार की।

 

पुलिस के मुताबिक, वारदात वाली रात जीत बहादुर ने बाइक का इंडिकेटर जलाकर अपने साथियों को संकेत दिया। इसके बाद साथियों ने महिला को घेरकर आभूषण लूट लिए।

 

लूट के जेवर बेचने और गिरवी रखने का खुलासा

 

पुलिस जांच के अनुसार, लूटे गए सोने के हार को जहानाबाद में आदित्य सोनकर को 1.20 लाख रुपये में बेच दिया गया था। वहीं चांदी की कमर की हाफ पेटी बिंदकी सर्राफा बाजार में गिरवी रखी गई थी। पुलिस ने दोनों आभूषण बरामद कर लिए हैं।

 

महरहा चौराहे के पास पुलिस ने की घेराबंदी

 

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 24 नवंबर को बिंदकी पुलिस ने महरहा चौराहे के पास जनता बाईपास रोड से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर जहानाबाद के पास से कथित खरीदार आदित्य सोनकर को भी पुलिस ने पकड़ लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में जीत बहादुर, देवाशीष उर्फ देवा, दुर्गेश उर्फ लल्ला, सत्यम, नीलू कुमार, ज्ञान प्रकाश और आदित्य सोनकर शामिल हैं। इनमें छह आरोपी फतेहपुर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि आदित्य सोनकर का संबंध कानपुर नगर से बताया गया है।

 

जेवर, 20 हजार नकद और सात मोबाइल बरामद

 

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक पीली धातु का गले का हार, एक सफेद धातु की कमर की हाफ पेटी, 20 हजार रुपये नकद और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

 

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मामले का शीघ्र खुलासा करने वाली टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

 

India Varta News | फतेहपुर

सच की बात, इंडिया वार्ता

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment