फतेहपुर: एसपी का बड़ा चाबुक, चौकी इंचार्ज समेत 11 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

 

फतेहपुर। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लापरवाही पर कड़ा प्रहार करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) धवल जायसवाल ने बड़ी कार्रवाई की है। जोनिहा चौकी क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के बाद एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जोनिहा चौकी इंचार्ज समेत 11 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई में जिले के विभिन्न थानों में तैनात कई चर्चित ‘कारखास’ भी निशाने पर आए हैं, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया है।

हादसे के बाद गिरी गाज

मामला जोनिहा चौकी से जुड़ा है, जहां एक नाबालिग किशोरी को कार से ले जाने के दौरान पीछा करते समय हुए भीषण हादसे में तीन लोगों की जान चली गई थी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने चौकी इंचार्ज अजीत को लाइन हाजिर कर दिया है।

भ्रष्ट और ‘कुख्यात’ कारखासों पर हंटर

एसपी की इस कार्रवाई की सबसे बड़ी धमक थानों के ‘कारखासों’ पर देखने को मिली है। लंबे समय से चर्चा में रहे और कथित तौर पर अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिरी है। लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों की सूची इस प्रकार है:

जहानाबाद: ओम तिवारी

गाजीपुर: ललित मिश्रा, लोकदीप पांडे, बॉबी गुर्जर

हुसेनगंज: विष्णु देव, मनोज कुमार

कोतवाली: रामकुमार पाराशर, राकेश सिंह

जाफरगंज: रामकुमार

राधानगर: सुधांशु शुक्ला

विभाग में मचा हड़कंप

पुलिस अधीक्षक की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई को लापरवाह और भ्रष्टाचार में संलिप्त पुलिसकर्मियों के लिए एक सख्त संदेश माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से कई पुलिसकर्मी लंबे समय से एक ही थाने में जड़ें जमाए हुए थे और उनके विरुद्ध लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

एसपी की इस सख्त कार्रवाई के बाद जिले के अन्य थानों में तैनात पुलिसकर्मियों के बीच भी हड़कंप की स्थिति है। पुलिस प्रशासन का साफ संदेश है कि कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

India Varta News
Author: India Varta News

India Help Foundation सच्ची खबरें और सामाजिक सरोकार। आपकी आवाज़, आपकी ताकत।

Leave a Comment