फतेहपुर: जनपद में चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के कुशल निर्देशन में पुलिस टीम ने सर्विलांस और CEIR पोर्टल की मदद से 210 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
लाखों की कीमत, पुलिस की मुस्तैदी
बरामद किए गए इन सभी मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 32 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनता द्वारा मोबाइल गुम होने के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जनपदीय सीसीटीएनएस (CCTNS) टीम और सभी थानों की टीमों को सक्रिय किया गया था।
दूसरे राज्यों से भी हुई बरामदगी
पुलिस की इस कार्रवाई का दायरा केवल जनपद तक सीमित नहीं रहा। लगातार मॉनिटरिंग और बेहतर समन्वय के चलते पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए।
पुलिस लाइन में आयोजित हुआ सुपुर्दगी कार्यक्रम
आज रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान, बरामद किए गए मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ कीमती फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने फतेहपुर पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।








