फतेहपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने बिहार प्रांत के समस्तीपुर से एक नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के कुशल निर्देशन में अंजाम दी गई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सुल्तानपुर घोष थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया है और उसे कहीं बंधक बनाकर रखा गया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने मु0अ0सं0 49/2026 धारा 137(2), 87, 61(2)(क) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी।
लोकेशन ट्रेस कर बिहार पहुंची पुलिस
अफोई चौकी इंचार्ज सत्य प्रकाश पाठक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना तेज की गई। सर्विलांस और सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) की मदद से आरोपी की लोकेशन बिहार के समस्तीपुर जिले में ट्रैक की गई। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिहार के समस्तीपुर जनपद, थाना खानपुर के मधु टोल (वार्ड नंबर 9) में दबिश दी।
वहां से पुलिस ने आरोपी अमन कुमार (22 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया।
मेडिकल परीक्षण के बाद परिजनों को सौंपा
25 अप्रैल 2026 को की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस टीम किशोरी और आरोपी को लेकर फतेहपुर पहुंची। रविवार, 26 अप्रैल को नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराने के उपरांत उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, आरोपी अमन कुमार को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम:
इस सफल ऑपरेशन में निम्नलिखित पुलिसकर्मी शामिल रहे:
सत्यप्रकाश पाठक (उपनिरीक्षक, थाना सुल्तानपुर घोष)
दिलीप कुमार (उपनिरीक्षक)
दीपक सरोज (कांस्टेबल)
डॉली (महिला कांस्टेबल)








