खागा (फतेहपुर): उत्तर प्रदेश की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आज जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मंगेतर के सामने युवती के साथ हुई दरिंदगी के मामले में मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी बबलू सिंह सिंगरौर के अवैध निर्माण पर आज प्रशासन का बुलडोजर जमकर गरजा।
सरकारी जमीन पर था अवैध कब्जा
खागा तहसील के मौजा बहादुरपुर स्थित गाटा संख्या 2067 की चारागाह (सरकारी) जमीन पर आरोपी बबलू सिंह ने लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा था। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज इस अवैध निर्माण को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।
एसडीएम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीएम खागा और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अपराधियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का स्पष्ट संदेश है कि अपराध की दुनिया से संपत्ति बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एक लाख का इनामी है आरोपी
गौरतलब है कि मंगेतर के सामने युवती से हैवानियत की वारदात को अंजाम देने के बाद से ही बबलू सिंह सिंगरौर फरार चल रहा है। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, हालांकि आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
क्या है पूरा मामला?
बीते दिनों एक युवती अपने मंगेतर के साथ जा रही थी, तभी आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से ही स्थानीय जनता में भारी आक्रोश था और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। आज हुई बुलडोजर कार्रवाई को इसी कड़ी में प्रशासन का कड़ा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।








