फतेहपुर। जिले में ‘ए पॉजिटिव’ (A+) रक्त की कमी से जूझ रहे एक गंभीर मरीज के लिए ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन’ के सदस्य देवदूत बनकर सामने आए। संस्था को जैसे ही मरीज की नाजुक स्थिति और रक्त के अभाव की सूचना मिली, बिना समय गंवाए संस्था के सदस्य मदद के लिए आगे आ गए।
सूचना मिलते ही फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य जिशान शेख और सौरभ मौर्य तत्काल मानस रक्त केंद्र (ब्लड बैंक) पहुँचे और अपना स्वैक्षिक रक्तदान कर मरीज की जान बचाई।
परिजनों ने जताया आभार
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे काफी समय से ‘ए पॉजिटिव’ रक्त की तलाश में भटक रहे थे और ब्लड बैंक में इस ग्रुप का रक्त उपलब्ध न होने से बेहद परेशान थे। ऐन वक्त पर संस्था के युवाओं द्वारा किए गए इस निस्वार्थ प्रयास ने उनके मरीज को नया जीवन दिया है। परिजनों ने जिशान और सौरभ सहित पूरी संस्था का हृदय से आभार व्यक्त किया और उनके इस सेवा कार्य की जमकर सराहना की।
नियमित रक्तदान की अपील
इस पुनीत कार्य के अवसर पर संस्था की ओर से गुरमीत सिंह और आकांक्षा मौजूद रहीं। वहीं मानस रक्त केंद्र की टीम से अमन, अनामिका पाल, अंजलि व विष्णु उपस्थित रहे, जिन्होंने रक्तदान की प्रक्रिया को सुगमता से संपन्न कराया।
संस्था का संदेश:
“रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। हमारा एक छोटा सा प्रयास किसी के उजड़ते हुए परिवार को बचा सकता है।” संस्था ने आम जनमानस, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों से दूर रहें और नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लें ताकि रक्त के अभाव में किसी भी मासूम की जान न जाए।








