कानपुर। दक्षिण जोन की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नवनियुक्त एडीसीपी साउथ सुमित सुधाकर रामटेके ने कमान संभालते ही सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शनिवार को उन्होंने नौबस्ता चौराहे का निरीक्षण कर ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया और अवैध टेम्पो स्टैंड व अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने पाया कि सड़क किनारे खड़े ऑटो, टेम्पो और ठेलियां यातायात में बाधा उत्पन्न कर रही हैं, जिससे चौराहे पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने तथा अवैध रूप से संचालित टेम्पो स्टैंड को समाप्त कराने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए चौराहे पर लगभग 30 पुलिसकर्मियों की तैनाती किए जाने की भी योजना बनाई गई है। एडीसीपी ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने ऑटो चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क पर मनमाने ढंग से सवारी बैठाने और उतारने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान सहित कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान यातायात बाधित कर रही दो कारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई। एडीसीपी साउथ ने कहा कि दक्षिण जोन में बेहतर यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नौबस्ता चौराहे पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन की यह पहल जाम की समस्या से राहत दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।








