फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव में एक शादी समारोह उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब तिलक कार्यक्रम के दौरान चली गोली की चपेट में पांच लोग आ गए। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
रविवार देर शाम अहिरन डेरा मजरे लमेहटा गांव में आयोजित विवाह समारोह में बारात का स्वागत किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। गोली लगने से बांदा जनपद के औगासी निवासी धीराज निषाद (55) समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने धीराज निषाद को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार समारोह के दौरान एक व्यक्ति अपनी लाइसेंसी बंदूक के साथ मौजूद था। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान बंदूक से निकली गोली लोगों को लग गई। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय और क्षेत्राधिकारी जाफरगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
इस हादसे ने एक बार फिर शादी और अन्य सामाजिक आयोजनों में हथियारों के प्रदर्शन तथा हर्ष फायरिंग की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। जिस समारोह में नई जिंदगी की शुरुआत का उत्सव मनाया जा रहा था, वहीं एक परिवार ने अपने सदस्य को खो दिया और कई लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच गए।








