रिपोर्टर सतेंद्र कुमार वर्मा
फतेहपुर। जिले की खागा तहसील के विजयीपुर चौराहे पर मंगलवार सुबह पुलिस और ट्रक चालकों के बीच हुए विवाद का मामला चर्चा का विषय बन गया। जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मी ओवरलोड ट्रकों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने तेज रफ्तार में वाहन निकालते हुए बैरिकेडिंग को टक्कर मार दी, जिससे बैरिकेडिंग क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के दौरान आयुष यादव नामक युवक मौके पर वीडियो बना रहा था। आरोप है कि वीडियो बनाते देख उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे और सिपाही दीपक वर्मा नाराज हो गए। आयुष यादव का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार पुलिसकर्मियों ने करीब आधे घंटे तक उसका मोबाइल अपने पास रखा। इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा डंडे से मारपीट भी की गई, जिससे उसे चोटें आईं। युवक ने आरोप लगाया कि ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली के विरोध या उसका वीडियो बनाने पर पुलिस इस तरह का रवैया अपनाती है।
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक ट्रक पर लाठी चलाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले पर किशनपुर थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उससे उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।








