फतेहपुर: किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत ने भरी हुंकार, धान क्रय केंद्र से लेकर चकमार्गों तक उठाए मुद्दे

 

धाता में किसान पंचायत के बाद नायब तहसीलदार को सौंपा मांगपत्र, खाद की उपलब्धता, फसल मुआवजा, सड़क निर्माण और अवैध कब्जों से मुक्ति की उठाई मांग

रिपोर्ट कुलदीप कुमार

फतेहपुर। किसानों की समस्याओं और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने धाता में आवाज बुलंद की। नगर पंचायत के सूर्यकुंड पक्का तालाब स्थित गांधी चबूतरा परिसर में ब्लॉक अध्यक्ष अशोक सिंह की अध्यक्षता में किसान बैठक आयोजित हुई। इसमें किसानों और क्षेत्रीय जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने नायब तहसीलदार नितिन कुमार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

 

किसान यूनियन ने धाता में मार्केटिंग विभाग का धान क्रय केंद्र खुलवाने की मांग प्रमुखता से उठाई। संगठन का कहना है कि इससे क्षेत्रीय किसानों को अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही प्राकृतिक आपदा से बर्बाद हुई फसलों का फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा दिलाने, सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और बैंकों द्वारा किसानों को अनावश्यक परेशान किए जाने पर रोक लगाने की मांग की गई।

 

बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की अन्य समस्याएं भी उठीं। प्राथमिक विद्यालय बछरौली की बाउंड्रीवाल बनवाने, धाता नगर पंचायत में दीपनारायण तिराहे से थाना धाता तक सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने तथा बंदरों के आतंक से लोगों को निजात दिलाने की मांग की गई।

 

सड़क निर्माण में देरी को लेकर भी किसान नेताओं ने नाराजगी जताई। करीकान धाता प्रथम की ग्राम सभा केटमई में मुख्य मार्ग से प्राथमिक विद्यालय तक प्रस्तावित आरसीसी सड़क का निर्माण चार महीने बाद भी शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए तत्काल काम शुरू कराने की मांग की गई।

 

वहीं करीकान धाता में गाटा संख्या 945 की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला उठाया गया। संगठन ने भूमि स्वामी प्रशांत सिंह को कथित रूप से धमकी दिए जाने की शिकायत का उल्लेख करते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराने और पीड़ित को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

 

ज्ञापन में ग्राम सभा अजरौली के नीबी तालाब का पानी गांव में भरने से रोकने के लिए निकासी नाला बनवाने, गाटा संख्या 62 के बंद चकमार्ग को खुलवाने, खेरवा-अजरौली सीमा पर चकमार्ग व नाली निर्माण कराने और नेपाली के दरवाजे से तालाब तक नाला बनवाने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा सोनारी मुख्य मार्ग से खेरवा बॉर्डर तक लोक निर्माण विभाग की सड़क बनवाने की मांग उठाई गई।

 

किसान नेताओं ने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध कार्रवाई करने की अपील की। इस दौरान प्रदेश सचिव राम सहाय पटेल, देव नारायण पटेल, अनन्त सिंह, अवधेश सिंह, मार्कण्डेय सिंह, विजयीपुर ब्लॉक अध्यक्ष अबोल सिंह, नरेश मौर्या, हुकुम सिंह, रूबी देवी सहित बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं मौजूद रहीं।

 

India Varta News

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment