अपराध नियंत्रण, महिला शिकायतों के निस्तारण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा; विवेचकों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश
फतेहपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने और पुलिसिंग में जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना बिंदकी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष और महिला परामर्श केंद्र की व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, डिजिटल पुलिसिंग और महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद आयोजित अर्दली रूम में विवेचकों से लंबित मामलों की जानकारी लेकर उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचनाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक मामले में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा पीड़ितों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी बिंदकी सहित थाना के अधिकारी, विवेचक और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।







