हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन पर जोर, पूरे नवंबर चलेगा जागरूकता और प्रवर्तन अभियान
✍️ India Varta News
फतेहपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। श्री तांबेश्वर चौराहा/नंदी चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और एनसीसी कैडेटों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इसके बाद जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सड़क सुरक्षा के लिए जनभागीदारी जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आम नागरिकों, बच्चों और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी।
जागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पूरे नवंबर माह में यातायात जागरूकता और प्रवर्तन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों, विभिन्न एसोसिएशनों, ईंट-भट्ठा संचालकों और सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य हितधारकों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना है।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात, संभागीय परिवहन अधिकारी, आदर्श व्यापार मंडल के प्रदीप गर्ग, समाजसेवी अशोक तपस्वी, बस एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और एनसीसी के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







