जनपद के 2,86,735 उज्ज्वला लाभार्थियों में से 2,54,282 ने पूरी कराई ई-केवाईसी, विकास भवन में सीएम योगी के कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
✍️ इंडिया वार्ता न्यूज़ | फतेहपुर।
दीपावली के त्योहार पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़ी महिलाओं और उनके परिवारों को रसोई गैस रिफिल सब्सिडी के रूप में राहत दी गई। मंगलवार को लखनऊ के लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का फतेहपुर स्थित विकास भवन सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान जनपद के पात्र लाभार्थियों को सब्सिडी वितरण की जानकारी दी गई और प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना समेत बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना के लाभार्थी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन और योजना से संबंधित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।
जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार पुष्कर ने बताया कि जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,86,735 लाभार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से 2,54,282 लाभार्थियों ने ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर ली है और उन्हें सब्सिडी का लाभ प्रदान किया गया है। शेष लाभार्थियों को ई-केवाईसी पूरी कराने के बाद योजना का लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब परिवारों की महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक सब्सिडी चेक वितरित किए। मौके पर गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी और योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।
ई-केवाईसी पूरी करने वाले लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ मिलने के साथ ही प्रशासन ने शेष पात्र परिवारों से भी प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।








