कलेक्ट्रेट में हस्ताक्षर अभियान के साथ जागरूकता रथ रवाना, बाल विवाह और जबरन विवाह के खिलाफ लोगों को किया जाएगा जागरूक
फतेहपुर। बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने और समाज से बाल विवाह की कुप्रथा समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन ने जागरूकता की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत हुई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करते हुए जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शासन के निर्देश पर 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से बाल विवाह, अल्पायु विवाह और जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
27 नवंबर को बाल विवाह, अल्पायु विवाह एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिले में विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने लोगों से अभियान का हिस्सा बनकर बच्चों के अधिकारों और उनके सुरक्षित भविष्य की रक्षा करने की अपील की।
प्रशासन की ओर से रवाना किया गया जागरूकता रथ विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी देगा।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






