DM की त्वरित कार्रवाई: व्यापार मंडल की मांग पर खागा में बदला बिजली कटौती का समय, जर्जर पोल से भी मिली मुक्ति

फतेहपुर/खागा। जनपद में जनसमस्याओं को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी संवेदनशीलता दिखाई है। कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक में व्यापार मंडल द्वारा उठाई गई मांगों पर जिलाधिकारी रवीन्द्र सिंह ने त्वरित संज्ञान लेते हुए दो प्रमुख समस्याओं का समाधान करवा दिया है।

खागा नगर की बिजली कटौती का समय बदला

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि खागा नगर में सुबह 6 बजे से 8 बजे तक होने वाली अघोषित विद्युत कटौती से व्यापारी और आम जनता बेहद परेशान थी। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद अब कटौती का समय बदल दिया गया है, जिससे सुबह के समय होने वाली जलापूर्ति और व्यापारिक गतिविधियों में बड़ी राहत मिलेगी।

फतेहपुर चौक का जर्जर पोल बदला गया

इसके साथ ही फतेहपुर चौक चौराहे स्थित गोमती स्वीट हाउस के पास काफी समय से एक जर्जर विद्युत पोल टेढ़ा होकर खतरे का सबब बना हुआ था। जिलाधिकारी के निर्देश पर बिजली विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए उस जर्जर पोल को बदलकर नया पोल लगा दिया है, जिससे संभावित हादसे का खतरा टल गया है।

जिलाध्यक्ष ने जताया आभार

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल ने इन जनहित के कार्यों के लिए जिलाधिकारी रवीन्द्र सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और अतिशीघ्र उनका निस्तारण करवाया। इसके साथ ही उन्होंने अधिशासी अभियंता (XEN) खागा और जे.ई. डी.डी. सोलंकी सहित सहयोग करने वाले सभी विभागीय अधिकारियों व सम्मानित महानुभावों का भी धन्यवाद किया है।

इस समाधान से खागा नगर के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में हर्ष का माहौल है।

 

India Varta News
Author: India Varta News

India Help Foundation सच्ची खबरें और सामाजिक सरोकार। आपकी आवाज़, आपकी ताकत।

Leave a Comment