फतेहपुर (खागा): जनपद के खागा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मीरपुर मजरे ऐलई गांव में आज एक भीषण अग्निकांड ने एक परिवार को दाने-दाने का मोहताज कर दिया। शॉर्ट सर्किट से अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पीड़ित परिवार की जीवन भर की कमाई और लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
सब कुछ जलकर हुआ खाक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। इस भीषण आग में घर के अंदर खड़ी एक बाइक, चार दुधारू बकरियां, अनाज की दर्जनों बोरियां और घर में रखी नगदी पूरी तरह जल गई। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गया है।
ग्रामीणों ने की कड़ी मशक्कत
आग की लपटें और धुआं देखकर गांव में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हुए और निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान राख के ढेर में तब्दील हो चुका था।
प्रशासन से मदद की गुहार
इस भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सिर से छत छिन जाने के बाद अब उनके पास खाने-पीने का भी संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और सरकारी लाभ प्रदान किया जाए ताकि वे दोबारा अपनी गृहस्थी बसा सकें।








